27 अक्टूबर 2014 - 07:47
किस तरह तेल बेच रहे हैं आईएसआईएल के आतंकी?

आतंकी संगठन आईएसआईएल तेल की आमदनी के सहारे अपना अस्तित्व बनाए हुए है और वह देश इस आतंकी संगठन के बड़े मददगार हैं जो इस संगठन के हाथों ग़ैर क़ानूनी ढंग से बेचा जा रहा तेल ख़रीद रहे हैं।

आतंकी संगठन आईएसआईएल तेल की आमदनी के सहारे अपना अस्तित्व बनाए हुए है और वह देश इस आतंकी संगठन के बड़े मददगार हैं जो इस संगठन के हाथों ग़ैर क़ानूनी ढंग से बेचा जा रहा तेल ख़रीद रहे हैं।
सूत्रों का कहना है कि आतंकी संगठन आईएसआईएल तेल बेच कर लाखों डालर कमा रहा है जिसके कारण सीरिया और इराक़ में इस संगठन के नियंत्रण वाले क्षेत्रों में इसकी स्थिति और अधिक मज़बूत हुई है और इसीलिए बहुत से स्थानीय और विदेशी आतंकी इस गुट में निरंतर शामिल हो रहे हैं।
क़ुद्सुल अरबी नामक समाचार पत्र में मुस्तफ़ा अलअबीदी ने एक आलेख में लिखा कि आतंकी संगठन आईएसआईएल 80 करोड़ डालर प्रतिवर्ष की दर से तेल से धन कमा रहा है, अर्थात अंतर्राष्ट्रीय गठबंधन के हमलों के आरंभ होने से पहले जिसकी सफलता के बार में कुछ कहा नहीं जा सकता, वह प्रतिदिन बीस लाख डालर की कमाई करता था।  वे लिखते हैं कि आईएसआईएल पर हवाई हमले, इस संगठन को न तो पूर्ण रूप से और न ही आंशिक रूप से तेल निकालने से नहीं रोक सके हैं। वे लिखते हें कि आईएसआईएल अपनी शस्त्रों की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए कुछ मात्रा में तेल देता है जबकि तेल की कुछ मात्रा को वह तस्करों के माध्यम से बहुत ही कम क़ीमत पर बेचकर धन एकत्रित कर रहा है।
सूत्रों का कहना है कि आईएसआईएल उत्तरी इराक़ में लगभग सात तेल कुओं पर और दो रिफ़ाइनरी पर क़ब्ज़ा किए हुए है जबकि सीरिया में दस में से छह तेल के कुओं पर उसका नियंत्रण है जो मुख्य रूप से  दैरिज़्ज़ोर प्रांत में स्थित हैं।
जर्मन पत्रिका दा श्पीगल ने भी रिपोर्ट दी है कि आईएसआईएल सीरिया और इराक़ में कुल चौदह तेल कुओं पर क़ब्ज़ा जमाए हुए है और इन तेलों को कुर्दों के अधीन रिफ़ाइनरी से साफ़ करने के बाद बेचा जा रहा है। एक तरह कुर्दों से आतंकी संगठन की लड़ाई चल रही है तो दूसरी ओर कुर्द क्षेत्रों की रिफ़ायनरियों में आतंकी संगठन का स्मगलिंग का तेल रिफ़ाइन किया जाता है। आतंकी संगठन के तेल को बिकवाने में तुर्क व्यापारियों की मुख्य भूमिका है।